गांधीनगर क्षेत्र में गोदाम से चोरी का खुलासा, खरीदार समेत 03 आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार, 02 लाख का सामान जप्त
सरगुजा जिले के थाना गांधीनगर में गोदाम से हुई चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर 03 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रार्थी अशोक कुमार अग्रवाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 03–04 फरवरी की रात अज्ञात चोरों ने गोदाम का दरवाजा तोड़कर 02 नग समरसीबल पंप, टुल्लू पंप, मोटर, एल्यूमिनियम के टुकड़े सहित अन्य सामग्री चोरी कर ली, जिसकी अनुमानित कीमत 70 हजार रुपये थी। रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 61/26 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने संदेही तनुज चौबे को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसने चोरी करना स्वीकार किया। उसने बताया कि चोरी का सामान ऑटो चालक विक्की राय की मदद से सदर रोड स्थित व्यापारी अम्बिकेश गुप्ता को बेच दिया था। पुलिस ने तीनों आरोपियों तनुज चौबे, विक्की राय और खरीदार अम्बिकेश गुप्ता को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 02 समरसीबल पंप, 02 टुल्लू पंप, एल्यूमिनियम के टुकड़े तथा घटना में प्रयुक्त ऑटो क्रमांक CG/15/EG/6252 जप्त किया, जिनकी कुल कीमत लगभग 02 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस द्वारा की गई इस प्रभावी कार्रवाई से चोरी के मामलों में संलिप्त तत्वों में कड़ा संदेश गया है। संपूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक सुभाष ठाकुर, आरक्षक रमन मंडल, राहुल सिंह और कुंदन पाण्डेय की सराहनीय भूमिका रही। आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
