न्यूज

अंबिकापुर के नवापारा कुम्हारपारा में लाइसेंसी बंदूक लूट का आरोपी 24 घंटे में कसाबेल से गिरफ्तार, लूटी गई बंदूक बरामद

अंबिकापुर के गांधीनगर थाना क्षेत्र में सुरक्षा गार्ड से दिनदहाड़े लाइसेंसी डबल बैरल बंदूक लूट की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। प्रार्थी अमोद कुमार एक्का 8 फरवरी को नवापारा से प्रतापपुर नाका स्थित नए किराये के मकान में सामान शिफ्ट कर रहे थे। ऑटो में जगह न होने से वे बंदूक कंधे पर टांगकर पैदल जा रहे थे, तभी कुम्हारपारा ढलान के पास एक अज्ञात व्यक्ति ने मदद का झांसा देकर मोटरसाइकिल पर बैठाने के बहाने बंदूक छीन ली और फरार हो गया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर गांधीनगर थाने में अपराध क्रमांक 72/26 धारा 309(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

घटना को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में साइबर सेल, कोतवाली और गांधीनगर पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी की तलाश तेज की गई। लगातार पतासाजी के बाद पुलिस टीम को आरोपी के कसाबेल, जिला जशपुर में छिपे होने की पुख्ता जानकारी मिली, जिसके बाद घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जयपाल लकड़ा, उम्र 45 वर्ष, निवासी महादेवडांड बीसबहरी थाना बगीचा जिला जशपुर, हाल मुकाम गोधनपुर थाना गांधीनगर बताया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने बंदूक लूट की घटना स्वीकार कर ली। आरोपी की निशानदेही पर लूटी गई डबल बैरल बंदूक बरामद कर ली गई है, जिससे मामले के महत्वपूर्ण साक्ष्य पुलिस के हाथ लगे हैं।

आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त सबूत पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शशिकान्त सिन्हा, साइबर सेल प्रभारी अजीत मिश्रा सहित पुलिस के अन्य अधिकारी–कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस द्वारा आपराधिक तत्वों के विरुद्ध सख्त अभियान लगातार जारी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button