लैलूंगा के जामढोंढी भदरापारा में पिता ने 6 वर्षीय बेटे को कुएं में डुबोकर की हत्या, आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार
रायगढ़, 10 फरवरी। लैलूंगा थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 15, जामढोंढी भदरापारा में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक पिता ने अपने ही 6 वर्षीय पुत्र को कुएं में फेंककर पानी में डुबो दिया, जिससे मासूम की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही लैलूंगा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर विधिवत कार्रवाई प्रारंभ की।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी विनोद महेश्वरी घरेलू विवाद के कारण मानसिक तनाव में था। उसकी पत्नी अलग रह रही थी और वह अपने दो बच्चों के साथ घर में रहता था। 8 फरवरी की शाम वह छोटे बेटे के साथ घर के बाहर देखा गया था। अगले दिन सुबह परिजनों को कुएं के भीतर से उसकी आवाज सुनाई दी, जिसके बाद पूछताछ में उसने स्वयं बच्चे की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।
मामले में थाना लैलूंगा में अपराध क्रमांक 38/2026 धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी विनोद महेश्वरी पिता स्व. मोहनराम महेश्वरी (उम्र 30 वर्ष) निवासी जामढोंढी भदरापारा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी गिरधारी साव एवं टीम द्वारा तत्परता से की गई।
इस जघन्य घटना पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि यह अत्यंत पीड़ादायक अपराध है और किसी भी स्थिति में मासूम के साथ ऐसी क्रूरता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। घरेलू तनाव का समाधान हिंसा नहीं हो सकता। रायगढ़ पुलिस ऐसे मामलों में त्वरित और कठोर वैधानिक कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है, कानून से ऊपर कोई नहीं है।
