न्यूज

डीआईजी-एसएसपी सरगुजा की अपराध समीक्षा बैठक में लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण और कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने पर जोर

अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) ने पुलिस कोऑर्डिनेशन सेंटर के सभाकक्ष में राजपत्रित अधिकारियों सहित सभी थाना व चौकी प्रभारियों की संयुक्त समीक्षा बैठक ली। बैठक में थानावार लंबित अपराध, शिकायत, मर्ग, चालान, म्यूल अकाउंट एवं पीओएस से जुड़े प्रकरणों की विस्तृत जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। विवेचकों को प्रकरण अनावश्यक रूप से लंबित न रखने की सख्त हिदायत दी गई।

बैठक में NAFIS सेल के अंतर्गत फिंगरप्रिंट इंट्री बढ़ाने तथा गिरफ्तार व्यक्तियों का डिजिटल रिकॉर्ड अद्यतन रखने पर विशेष बल दिया गया। थाना व चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि अपने क्षेत्र के निगरानी बदमाश, गुंडा बदमाश, आदतन अपराधियों की जानकारी नियमित रूप से सिस्टम में अपडेट करें, जिससे अपराध नियंत्रण में तकनीकी सहायता मिल सके।

ई-चालान और ई-साक्ष्य की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए इंटीग्रेटेड रोड एक्सीडेंट डेटाबेस (IRAD) में प्रविष्टियों को अद्यतन रखने, कारणों का विश्लेषण करने तथा घायलों के उपचार प्रबंधन को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया।

विवेचना की गुणवत्ता बढ़ाने, पारदर्शिता सुनिश्चित करने और न्यायालय में सशक्त साक्ष्य प्रस्तुत करने के लिए साप्ताहिक केस डायरी लेखन अनिवार्य करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों, नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल (भा.पु.से.), उप पुलिस अधीक्षक राकेश बघेल, उप पुलिस अधीक्षक अजाक सुरेश भगत, एसडीओपी ग्रामीण तूल सिंह पट्टावी, रक्षित निरीक्षक तृप्ती सिंह राजपूत, स्टेनो फबियानुस तिर्की, रीडर अमित पाण्डेय सहित समस्त थाना/चौकी प्रभारी और पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button