लैलूंगा के ग्राम चिंगारी में गणेश विसर्जन के दौरान बाइक चोरी, अज्ञात आरोपी पर अपराध दर्ज
ग्राम चिंगारी थाना लैलूंगा क्षेत्र में गणेश विसर्जन कार्यक्रम के दौरान मोटरसाइकिल चोरी की घटना सामने आई है। प्रार्थी युलाल सिदार ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि 5 सितंबर 2025 की रात वह अपने HF डिलक्स बाइक क्रमांक CG13 AF 6747 से कार्यक्रम देखने गया था। उसने वाहन को कुमार सिदार के घर के पास गली में खड़ा किया था, जहां से अज्ञात व्यक्ति ने बाइक पार कर दी।
शिकायत के अनुसार कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब वह करीब 10:30 बजे वापस लौटा तो निर्धारित स्थान पर मोटरसाइकिल मौजूद नहीं थी। आसपास काफी खोजबीन करने के बाद भी वाहन का कोई सुराग नहीं मिला। चोरी गई बाइक की अनुमानित कीमत लगभग 40 हजार रुपये बताई गई है, जिससे प्रार्थी को आर्थिक नुकसान हुआ है।
लैलूंगा पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत अपराध क्रमांक 0031/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हेड कांस्टेबल राम प्रसाद चौहान को विवेचना सौंपी गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और संदिग्धों की पतासाजी में जुट गई है, ताकि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
