न्यूज

लेबल बदलकर दही-कॉटेज एनालॉग बेचने पर बड़ी कार्रवाई, दो लाख से अधिक के मिलावटी दुग्ध उत्पाद जब्त

रायगढ़, 24 जनवरी 2026/ कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने जिले में मिलावटी एवं मानक-विरुद्ध दुग्ध उत्पादों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए लेबल बदलकर बेचे जा रहे दही और कॉटेज एनालॉग को जब्त किया है। कार्रवाई 22 जनवरी की शाम उस सूचना के बाद शुरू हुई, जिसमें जिला दुर्ग से रायगढ़ में संदिग्ध तरीके से दुग्ध उत्पादों की आपूर्ति और लेबल से छेड़छाड़ की शिकायत मिली थी।

सूचना के आधार पर पिकअप वाहन क्रमांक CG-04-QC-8689 को थाना चक्रधरनगर लाया गया, जहां खाद्य सुरक्षा टीम ने जांच की। जांच में सामने आया कि नंदनम क्लासिक दही के 5 व 15 किलोग्राम के जारों से मूल लेबल हटाकर उन पर वैद्य फूड्स का रैपर चिपकाया जा रहा था। यह कृत्य खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 और लेबलिंग एवं प्रदर्शन विनियम, 2020 का स्पष्ट उल्लंघन पाया गया।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए 23 जनवरी को मेसर्स कस्तूरी डेयरी परिसर से दही और कॉटेज एनालॉग के तीन नमूने विधिवत संकलित कर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, रायपुर भेजे गए। साथ ही गुणवत्ता पर संदेह और नियमों के उल्लंघन के आधार पर मौके पर रखे गए भारी मात्रा में दुग्ध उत्पादों को जब्त कर खाद्य कारोबारकर्ता की अभिरक्षा में निरुद्ध किया गया।

जब्त सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य 2 लाख 3 हजार 750 रुपये आंका गया है, जिसमें कुल 515 किलोग्राम दही और 770 किलोग्राम कॉटेज एनालॉग शामिल हैं। खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रयोगशाला रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद दोषियों के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने कहा है कि नागरिकों के स्वास्थ्य से कोई समझौता नहीं होगा और खाद्य कारोबार पर सघन निगरानी लगातार जारी रहेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button