न्यूज

बड़पारा (रायगढ़) में युवक से मारपीट: कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 4 आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

रायगढ़, 31 मार्च। कोतवाली थाना क्षेत्र के बड़पारा शराब भट्ठी के पास युवक से मारपीट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई, वहीं एक अन्य आरोपी अभी फरार है जिसकी तलाश जारी है।

घटना 29 मार्च की है, जब जूटमिल क्षेत्र निवासी सत्यम सिदार अपने साथी के साथ बड़पारा शराब भट्ठी से लौट रहा था। इसी दौरान मिनीमाता चौक के पास रहने वाला मनोज सिंह अपने साथियों के साथ शराब के लिए पैसे मांगने लगा। मना करने पर आरोपियों ने एकराय होकर गाली-गलौच करते हुए युवक को जमीन पर गिराकर हाथ, थप्पड़, मुक्का और लात से मारपीट की। मामले में कोतवाली थाना में धारा 296, 119(1), 351(3), 115(2), 191(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया।

पुलिस ने मुख्य आरोपी मनोज सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद उसके साथी लवकुमार यादव, विक्रम सिंह ठाकुर और बजरंग सिंह उर्फ सोनू को भी गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया है और उन्हें 30 मार्च को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फरार आरोपी की तलाश जारी है और मारपीट, धमकी व जबरन वसूली जैसे मामलों में सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button