न्यूज

स्कॉर्पियो-ट्रेलर की भिड़ंत में युवक की मौत, सड़क हादसा, दो गंभीर घायल रायपुर रेफर

कोरबा में गुरुवार रात उरगा थाना क्षेत्र के तरदा भारतमाला मार्ग पर स्कॉर्पियो और ट्रेलर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में स्कॉर्पियो सवार 27 वर्षीय अरुण कुमार यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन में फंसे लोगों को गैस कटर की मदद से बाहर निकालना पड़ा।

घायलों की पहचान 26 वर्षीय चंद्र प्रकाश यादव (रायपुर निवासी) और 30 वर्षीय नागेंद्र साहू (सेमरा, धमतरी निवासी) के रूप में हुई है। दोनों को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर होने पर रायपुर रेफर कर दिया गया। उरगा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक तीनों रायपुर की एक निजी कंपनी में कार्यरत थे और डंपर शिफ्ट करने के लिए रायपुर से कोरबा आ रहे थे। मृतक अरुण कुमार यादव झारखंड के गढ़वा जिले का निवासी था और पिछले दो वर्षों से कंपनी में काम कर रहा था। हादसे की सूचना मिलते ही उसके परिजन झारखंड से कोरबा के लिए रवाना हो गए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button