क्रोंधा नीचेपारा में उधारी विवाद पर महिला से मारपीट
रायगढ़ जिले के धर्मजयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम क्रोंधा नीचेपारा में उधारी के पैसे को लेकर विवाद के बीच एक महिला के साथ मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। प्रार्थिया जानकी बाई चौहान (37 वर्ष) की शिकायत पर पुलिस ने फूलसिंह चौहान, जगलू चौहान और रतन चौहान के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है।
रिपोर्ट के अनुसार, घटना 1 अप्रैल 2026 दोपहर करीब 2 बजे की है, जब प्रार्थिया का पति घर पर नहीं था। इसी दौरान तीनों आरोपी घर पहुंचे और पति के बारे में पूछताछ करने लगे। जवाब मिलने पर आरोपियों ने महिला को अश्लील गालियां दीं, जान से मारने की धमकी दी और हाथ पकड़कर, बाल खींचकर तथा लात-घूंसों से मारपीट की, जिससे उसके हाथ, पेट, सिर और कमर में चोटें आईं। घटना को परिजनों ने देखा और बीच-बचाव किया।
घटना के बाद महिला को उपचार के लिए सिविल अस्पताल धर्मजयगढ़ ले जाया गया। उपचार के बाद 5 अप्रैल 2026 को थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामले में धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(3) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
