खरसिया में अज्ञात बाइक चालक ने कार को मारी टक्कर
रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से बाइक चलाते हुए एक अज्ञात चालक द्वारा कार को टक्कर मारने का मामला सामने आया है। घटना पुरानी बस्ती चौक के पास की है, जहां बाइक चालक ने कार को ठोकर मारकर वाहन को नुकसान पहुंचाया और मौके से फरार हो गया।
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार सिद्धांत शर्मा की ओर से आरक्षक के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई गई। बताया गया कि 12 मार्च 2026 की रात करीब 10:30 बजे वह अपनी कार क्रमांक CG 13 BG 4782 से खरसिया टाउन से पुरानी बस्ती स्थित घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पुरानी बस्ती चौक के पास सामने से आ रहे नीले आसमानी रंग की मोटरसाइकिल के चालक ने तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी कार को टक्कर मार दी, जिससे कार के सामने हिस्से में खरोंच और नुकसान हो गया।
घटना में किसी को चोट नहीं आई है, लेकिन बाइक चालक टक्कर मारने के बाद मौके से भाग गया। शिकायत के आधार पर खरसिया पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
