सिंधी समाज की एकजुटता सराहनीय : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
रायपुर, 15 मार्च 2026। राजधानी रायपुर में पूज्य छत्तीसगढ़ी सिंधी पंचायत द्वारा आयोजित “सिंधीयत जो मेलो” में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने सिंधी समाज की एकजुटता और संघर्षशील परंपरा की सराहना करते हुए कहा कि देश के विभाजन जैसी कठिन परिस्थितियों का सामना करने के बावजूद सिंधी समाज ने व्यापार और उद्यम के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति कर देश की आर्थिक उन्नति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि अपनी पुश्तैनी जमीन और संपत्ति छोड़ने के बाद भी इस समाज ने मेहनत, आस्था और साहस के बल पर नई पहचान बनाई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज को एकजुट करने का सशक्त माध्यम होते हैं। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी अपनी संस्कृति, परंपरा और मूल्यों से जुड़ी रहती है। उन्होंने कहा कि जब समाज संगठित और मजबूत होता है तो राष्ट्र भी सशक्त बनता है। मेले में युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखकर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की और इसे समाज की जीवंत सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक बताया।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेश में शुरू की गई गौधाम योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके तहत प्रदेशभर में गौधाम स्थापित किए जा रहे हैं, जहां गौवंश के संरक्षण, हरे चारे, चिकित्सा सुविधा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएँ उपलब्ध कराई जाएंगी। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप, रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, धमतरी महापौर रामू रोहरा और पूज्य छत्तीसगढ़ी सिंधी पंचायत के अध्यक्ष महेश दरयानी सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।
