बुलेट सवार तीन युवकों ने युवक को अगवा कर की मारपीट, धारदार हथियार से किया हमला
रायगढ़ के कोतवाली थाना क्षेत्र में युवक के साथ मारपीट और जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। प्रार्थी मुकेश नायक (26 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 3 अप्रैल 2026 की रात करीब 8:30 बजे वह कोतरारोड बायपास स्थित देशी-विदेशी शराब दुकान के पास गया था, जहां बुलेट मोटरसाइकिल में सवार तीन अज्ञात युवक पहुंचे और उसे पुलिस का मुखबिर बताकर जबरन सुनसान स्थान पर ले गए।
पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान एक आरोपी ने धारदार हथियार से उसकी कमर के पीछे वार कर दिया, जिससे उसे चोट लगी और खून निकलने लगा। शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों के आते ही तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
कोतवाली पुलिस ने मामले में धारा 118(1), 296, 3(5) और 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
