तेज रफ्तार टाटा पंच की टक्कर से बाइक सवार तीन घायल, गंभीर हालत में महिला रायपुर रेफर
रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र में 22 मार्च 2026 को दोपहर करीब 12 बजे बायसी कॉलोनी और धरमजयगढ़ कॉलोनी के बीच मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार चार पहिया वाहन (CG 12 BU 4091 टाटा पंच) ने बाइक को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक चन्द्रहास साहू के साथ पीछे बैठी गायत्री साहू और संध्या साहू गंभीर रूप से घायल हो गए।
शिकायतकर्ता ठण्डु राम साहू की रिपोर्ट पर बताया गया कि दुर्घटना में गायत्री साहू को जबड़े, पैर, कमर और चेहरे में गंभीर चोटें आईं, वहीं संध्या साहू और चन्द्रहास साहू को भी शरीर के कई हिस्सों में चोट लगी। सभी घायलों को पहले सिविल अस्पताल धरमजयगढ़ ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बालाजी मेट्रो अस्पताल रायगढ़ रेफर किया गया। गायत्री साहू की हालत गंभीर होने पर उन्हें आगे इलाज के लिए रायपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका ऑपरेशन जारी है।
मामले में धरमजयगढ़ पुलिस ने आरोपी वाहन चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 125(a) और 281 के तहत अपराध क्रमांक 0074/26 दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि वाहन चालक की लापरवाही से यह हादसा हुआ है और मामले की जांच जारी है।
