घरघोड़ा क्षेत्र के ग्राम रायकेरा–कया में युवक का अपहरण कर मारपीट व लूट करने वाले तीन आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार, बोलेरो वाहन व लूटा मोबाइल जप्त, भेजा गया रिमांड पर
रायगढ़, 6 फरवरी 2026। जिले में अपराधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रखते हुए घरघोड़ा पुलिस ने युवक के अपहरण, मारपीट और लूटपाट की गंभीर घटना का कुछ ही घंटों में खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन, लूटा गया ओप्पो मोबाइल तथा लकड़ी का डंडा बरामद किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई।
प्रार्थी प्रीतराम चौहान निवासी ग्राम रायकेरा ने 5 फरवरी को थाना घरघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 4 फरवरी दोपहर वह गांव में ठण्डु यादव के घर के पास खड़ा था, तभी रोहित दास महंत, हलधर राठिया और राजु यादव बोलेरो वाहन से पहुंचे और जबरन उसे गाड़ी में बैठा लिया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और रायकेरा से ग्राम कया ले जाकर फिर से डंडे व मुक्कों से बेरहमी से पीटा। आबकारी विभाग को मुखबिरी करने की रंजिश में जान से मारने की धमकी देकर उसका मोबाइल लूट लिया और रस्सी से बांधकर छोड़ दिया।
रिपोर्ट पर थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 42/2026 धारा 296, 351(2), 115(2), 140(3), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर तत्काल टीम गठित की गई। निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में दबिश देकर तीनों आरोपियों को रायकेरा से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों में रोहित दास महंत (40 वर्ष), हलधर राठिया (30 वर्ष) निवासी रायकेरा तथा राजु यादव (33 वर्ष) निवासी ग्राम सिंघनपुर शामिल हैं। पूछताछ में उन्होंने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद धारा 309(6) बीएनएस भी जोड़ी गई।
आरोपी रोहित दास महंत से महिंद्रा बोलेरो निओ क्रमांक CG-13-BD-8475, हलधर राठिया से लूटा मोबाइल तथा राजु यादव से घटना में प्रयुक्त डंडा जप्त किया गया। तीनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया। कार्रवाई में एडिशनल एसपी अनिल कुमार सोनी, एसडीओपी सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक, आरक्षक हरीश पटेल, उद्योराम पटेल व स्थानीय सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कड़ा संदेश दिया है कि गुंडागर्दी और कानून से खिलवाड़ करने वालों से रायगढ़ पुलिस पूरी सख्ती से निपटेगी।
