बतौली में दो दुकानों में चोरी का खुलासा, आदतन आरोपी अशोक मरावी गिरफ्तार
सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र में हुई दो दुकानों में चोरी के मामलों का पुलिस ने खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। डीआईजी और एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में बतौली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी के कब्जे से 2500 रुपये नगद बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण दर्ज होना बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, बतौली मेन रोड निवासी संतोष गुप्ता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 2 से 3 मार्च के बीच उनकी कृषि संबंधी दुकान “जय माता दी एग्रो” का शटर तोड़कर काउंटर में रखे 70 हजार रुपये चोरी कर लिए गए। वहीं योगेश गुप्ता ने भी रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी दुकान “मंजू साड़ी, हरि फैशन, योगेश क्लॉथ” का ताला तोड़कर 50 हजार रुपये नगद तथा कपड़ों की चोरी की गई। दोनों मामलों में थाना बतौली में अपराध दर्ज कर पुलिस ने विवेचना शुरू की।
जांच के दौरान तकनीकी जानकारी और पुलिस टीम के प्रयास से संदेही अशोक मरावी (43) निवासी देवरी डुमरपारा थाना बतौली को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने चोरी की घटना को स्वीकार किया। आरोपी के पास से 2500 रुपये नगद जब्त किए गए, जबकि चोरी के कपड़ों को पकड़े जाने के डर से जलाने और शेष रकम खर्च कर देने की बात सामने आई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस टीम की कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक सेंगर सहित अन्य पुलिसकर्मी सक्रिय रहे।
