खेल अधोसंरचना के विकास से निखर रही प्रदेश की प्रतिभाएँ, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आकांक्षा सत्यवंशी को टाटा सिएरा कार भेंट की
रायपुर, 14 मार्च 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नवा रायपुर स्थित अपने निवास में आयोजित कार्यक्रम में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की फिजियोथेरेपिस्ट और छत्तीसगढ़ की बेटी आकांक्षा सत्यवंशी को टाटा सिएरा कार उपहार स्वरूप प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला क्रिकेट टीम की विश्व कप जीत देश और प्रदेश दोनों के लिए गौरव का विषय है तथा बेटियों की यह उपलब्धि नई पीढ़ी को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि खेल अधोसंरचना के विकास से खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएँ मिल रही हैं, जिससे वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। बस्तर ओलंपिक और सरगुजा ओलंपिक जैसे आयोजनों से दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं को भी खेलों से जुड़ने का अवसर मिल रहा है।
आकांक्षा सत्यवंशी ने सम्मान के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका स्नेह और प्रोत्साहन हमेशा खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाता है। उन्होंने बताया कि विश्व कप जीत के बाद मुख्यमंत्री द्वारा व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित कर सम्मानित किया जाना उनके लिए यादगार क्षण है। इस अवसर पर भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह, आकांक्षा के परिजन और टाटा मोटर्स के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
