न्यूज

महापुरुषों के जीवन और विचारों से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ेगी नई पीढ़ी : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर, 09 मार्च 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के वीआईपी रोड स्थित बीएसएस प्रणवानंद स्कूल परिसर पहुंचकर भारत माता की मूर्ति तथा भारत सेवाश्रम संघ के संस्थापक स्वामी प्रणवानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस दौरान उन्होंने स्कूल परिसर में स्थापित ‘कल्चरल एंड हेरिटेज म्यूजियम’ का भी अवलोकन किया।

स्कूल के सचिव स्वामी शिवरूपानंद महाराज ने मुख्यमंत्री को संग्रहालय का विस्तृत भ्रमण कराया। मुख्यमंत्री ने संग्रहालय में प्रदर्शित स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, ऋषि-मुनियों तथा भारत सेवाश्रम संघ द्वारा संचालित मानव कल्याण से जुड़े कार्यों और गतिविधियों की जानकारी उत्सुकता के साथ ली।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि स्कूली बच्चों को भारत के समृद्ध इतिहास, ऋषि-मुनियों, महान चिंतकों, धर्म प्रवर्तकों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान से परिचित कराने की यह पहल अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि भारत की सभ्यता और संस्कृति अत्यंत प्राचीन, समृद्ध और गौरवशाली रही है, जिसे ऋषि-मुनियों और महापुरुषों ने अपने ज्ञान, तप और त्याग से और अधिक समृद्ध बनाया है।

उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को अपने इतिहास, संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं से जोड़ना बेहद आवश्यक है, जिससे बच्चों में राष्ट्र, संस्कृति और मूल्यों के प्रति गर्व की भावना विकसित होती है। इस अवसर पर स्कूल के सचिव स्वामी शिवरूपानंद महाराज ने मुख्यमंत्री का शॉल एवं स्मृति-चिन्ह भेंटकर सम्मान किया, वहीं प्राचार्य आनन्दिता घोष, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button