न्यूज

छाल में कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने वाला आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार, फोटो-वीडियो से धमकाकर कर रहा था शोषण

रायगढ़, 3 फरवरी। छाल थाना क्षेत्र में महिला के साथ दुष्कर्म की गंभीर घटना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पीड़िता ने 2 फरवरी को थाना छाल पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। महिला के अनुसार वह स्वास्थ्य कारणों से जनवरी 2025 से मायके में रह रही थी और मकान मरम्मत के दौरान आरोपी का उसके घर आना-जाना शुरू हुआ।

घटना के संबंध में पीड़िता ने बताया कि 6 अप्रैल को आरोपी शाम के समय उसके घर आया और बातचीत के दौरान कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। इसके बाद बेहोशी जैसी स्थिति का फायदा उठाकर आरोपी ने दुष्कर्म किया और अश्लील फोटो-वीडियो बना लिए। इन्हीं तस्वीरों को वायरल करने की धमकी देकर वह लगातार महिला का शारीरिक शोषण करता रहा, जिससे पीड़िता भय में जी रही थी।

शिकायत मिलते ही थाना प्रभारी छाल निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी ने तत्काल बीएनएस की धारा 64(2)(एम) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। महिला उप निरीक्षक दीपिका निर्मलकर की टीम ने पीड़िता के कथन दर्ज कर मेडिकल परीक्षण कराया और तकनीकी जानकारी के आधार पर दबिश दी गई। पुलिस ने आरोपी चन्द्रभान यादव, निवासी ग्राम शाहपुर जिला आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश), हाल मुकाम छाल क्षेत्र को गिरफ्तार कर सभी वैधानिक औपचारिकताएं पूरी कीं।

पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में संपन्न हुई, जिसमें थाना छाल के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एसएसपी सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि महिलाओं एवं नाबालिगों से जुड़े अपराधों में रायगढ़ पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाएगी और आरोपियों को सजा दिलाने तक सशक्त पैरवी सुनिश्चित की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button