चांदमारी रोड पर युवतियों से फिल्मी स्टाइल में छेड़खानी: पुलिस की त्वरित कार्रवाई में एक गिरफ्तार, ग्रैंड विटारा कार जप्त; चार आरोपी फरार
रायगढ़। चांदमारी रोड पर कार सवार दो युवतियों से फिल्मी स्टाइल में छेड़खानी के मामले में रायगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। घटना में प्रयुक्त ग्रैंड विटारा कार क्रमांक CG13 AW 2410 को भी जप्त कर लिया गया है, जबकि चार अन्य आरोपी फरार हैं जिनकी सघन पतासाजी जारी है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 9 फरवरी की रात करीब 11 बजे दो युवतियां कार से दवाई लेने रायगढ़ जा रही थीं। चांदमारी रोड पर कार रोककर वे आवारा कुत्तों को बिस्किट खिला रही थीं, तभी पीछे से नीले रंग की ग्रैंड विटारा में सवार पांच युवक पहुंचे और अशोभनीय टिप्पणियां व इशारे करने लगे। युवतियां वहां से निकल गईं, लेकिन आरोपियों ने पीछा करते हुए रियापारा तिराहा चौक के पास उनकी कार ओवरटेक कर सामने अड़ा दी। एक युवक ने अपना नाम प्रदीप पटेल बताते हुए अशोभनीय हरकत की, जबकि अन्य साथी भी अभद्र टिप्पणियां करते रहे।
पीड़िता की रिपोर्ट पर महिला थाना में अपराध क्रमांक 09/2026 धारा 78(2), 126(2), 79, 75(3), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान घटना में प्रयुक्त वाहन ढिमरापुर स्थित प्रदीप पटेल के घर के सामने मिला। जांच में सामने आया कि घटना के दिन वाहन नरेन्द्र महावर चला रहा था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए नरेन्द्र महावर (21 वर्ष), निवासी चांवसारी, को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने प्रदीप पटेल, कमलेश यादव, राहुल गुप्ता और संगम त्रिपाठी के साथ मिलकर युवतियों का पीछा कर रास्ता रोकने और छेड़खानी करने की बात स्वीकार की। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि महिलाओं, बालिकाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा महिला सम्मान से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
