तमनार का होगा कायाकल्प, कलेक्टर ने कार्ययोजना बनाने के दिए निर्देश
रायगढ़, 13 मार्च 2026। औद्योगिक दृष्टि से महत्वपूर्ण तमनार को सुव्यवस्थित, आधुनिक और आकर्षक स्वरूप देने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने तमनार पहुंचकर नगर के विभिन्न चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्र और अन्य प्रमुख स्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान नगर के समग्र विकास को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा भी की गई।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने संबंधित एसडीएम को निर्देशित किया कि तमनार के विकास के लिए समग्र कार्ययोजना तैयार की जाए। इसमें प्रमुख चौक-चौराहों के सौंदर्यीकरण, बाजार क्षेत्र के सुव्यवस्थापन और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर तमनार को आधुनिक और व्यवस्थित नगर के रूप में विकसित किया जाए।
कलेक्टर ने कहा कि तमनार एक महत्वपूर्ण औद्योगिक नगर है और इसके व्यवस्थित विकास से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे, एसडीएम घरघोड़ा दुर्गा प्रसाद अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
