नशीली कैप्सूल तस्करी गिरोह पर तमनार पुलिस का शिकंजा, फरार आरोपी सुनील बेहरा गिरफ्तार
रायगढ़ जिले के तमनार थाना क्षेत्र में प्रतिबंधित नशीली दवाओं की तस्करी के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। स्पास्मो प्रॉक्सीवॉन प्लस कैप्सूल की अवैध बिक्री से जुड़े गिरोह के एक और फरार सदस्य सुनील बेहरा को तमनार पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस गिरफ्तारी से नशे के अवैध नेटवर्क की एक और अहम कड़ी सामने आई है।
मामले की शुरुआत 22 जनवरी 2026 को हुई थी, जब पुलिस ने बिना नंबर की मोटरसाइकिल से नशीली कैप्सूल ले जा रहे आरोपी निलमणी गुप्ता को पकड़ा था। उसके पास से 288 प्रतिबंधित कैप्सूल, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन जब्त किए गए थे। पूछताछ में खुलासा हुआ कि कैप्सूल की खेप सुनील बेहरा के कहने पर मंगाई गई थी और इसकी सप्लाई लैलूंगा थाना क्षेत्र के विकास यादव द्वारा की गई थी। इस पर तमनार थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान फरार चल रहे सुनील बेहरा को 25 जनवरी 2026 को थाना प्रभारी कमला पुसाम के नेतृत्व में गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर नशीली कैप्सूल की अवैध बिक्री करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है, जबकि फरार सप्लायर विकास यादव की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि नशे के इस अवैध कारोबार से जुड़े हर व्यक्ति पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
