न्यूज

जशपुर में स्कूली व कमर्शियल बसों की विशेष जांच, 17 वाहनों की जांच कर सुरक्षा मानकों का कराया गया पालन

जशपुर। यातायात पुलिस जशपुर और जिला परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने स्कूली एवं कमर्शियल बसों की सुरक्षा जांच के लिए विशेष अभियान चलाया। डीआईजी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन में रणजीता स्टेडियम जशपुर में यह अभियान संचालित किया गया। जांच अभियान का नेतृत्व डीएसपी यातायात के.आर. चौहान, जिला परिवहन अधिकारी विजय निकुंज, उप निरीक्षक प्रदीप कुमार मिश्रा ने किया।

अभियान के दौरान बसों की फिटनेस, इंश्योरेंस, परमिट, ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच की गई। साथ ही वाहनों की मैकेनिकल स्थिति का परीक्षण करते हुए ब्रेक सिस्टम, इंडिकेटर, हेडलाइट, इमरजेंसी एग्जिट, फायर एक्सटिंग्विशर और फर्स्ट एड बॉक्स सहित सुरक्षा उपकरणों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान कुल 17 स्कूली वाहनों की जांच कर संचालकों को सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए।

जांच के दौरान बस संचालकों और चालकों को यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने, ओवरलोडिंग नहीं करने तथा विद्यार्थियों और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। डीआईजी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि बच्चों और यात्रियों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा भविष्य में नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन संचालकों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऐसे संयुक्त जांच अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button