न्यूज

सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने विधानसभा बजट सत्र 2026 के प्रश्नकाल में खाद्य व्यवस्था से जुड़े मुद्दे उठाए

विधानसभा बजट सत्र 2026 के प्रश्नकाल के दौरान सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने खाद्य मंत्री दयालदास बघेल से क्षेत्र में उचित मूल्य दुकानों में ई-पास मशीनों की उपलब्धता, बायोमेट्रिक सत्यापन विफल होने पर वैकल्पिक व्यवस्था और नेटवर्क समस्या वाले ग्रामों की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी मांगी। उन्होंने ब्लॉकवार और ग्राम पंचायतवार आंकड़े प्रस्तुत करने की मांग भी की।

इसके साथ ही विधायक ने राशन वितरण प्रणाली को पूरी तरह डिजिटल बनाने की योजना, हितग्राहियों के लिए टोल फ्री शिकायत व्यवस्था और एसएमएस अलर्ट के माध्यम से राशन उपलब्धता की सूचना देने जैसे विषयों पर सरकार की कार्ययोजना पर सवाल उठाए। वर्ष 2023 से 2025 के बीच जमाखोरी और मिलावटखोरी के मामलों, उन पर की गई कार्रवाई और दोषियों पर लगाए गए दंड की जानकारी भी मांगी गई।

विधायक ने यह भी पूछा कि सीतापुर क्षेत्र में उचित मूल्य दुकानों में मांग के आधार पर उठाव और वितरण को लेकर कितनी शिकायतें प्राप्त हुई हैं तथा हितग्राहियों को समय पर राशन मिल रहा है या नहीं। खाद्य मंत्री ने सभी बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी दी, जिस पर विधायक ने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ सुचारू रूप से पहुंचाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button