सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने आज महेशपुर धान खरीदी केंद्र का किया औचक निरीक्षण
आज भाजपा मंडल बतौली के ग्राम महेशपुर स्थित धान समिति केंद्र में सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने धान खरीदी व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र में मौजूद प्रबंधक से धान खरीदी से संबंधित व्यवस्थाओं, सुविधाओं एवं प्रक्रियाओं की जानकारी प्राप्त की।
विधायक टोप्पो ने केंद्र में उपस्थित किसान भाइयों एवं समिति में कार्यरत कर्मचारियों से संवाद कर धान खरीदी के दौरान आने वाली समस्याओं के बारे में चर्चा की। उन्होंने किसानों के लिए बैठने की व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान समिति में उपलब्ध संसाधनों की समीक्षा करते हुए विधायक ने यह सुनिश्चित किया कि धान खरीदी एवं तौल प्रक्रिया में किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल अवगत कराएं, ताकि समय रहते समाधान किया जा सके। इस अवसर पर बतौली मंडल के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महामंत्री, कार्यकर्तागण एवं युवा साथी उपस्थित रहे।
