8.63 लाख रुपये की लागत से वार्ड 9 के शिव मंदिर का होगा उन्नयन, महापौर व सभापति ने किया भूमिपूजन
रायगढ़। वार्ड क्रमांक 9 के नावागढ़ी मोहल्ला स्थित प्राचीन शिव मंदिर के उन्नयन कार्यों का विधिवत पूजा-अर्चना के साथ भूमिपूजन किया गया। इस दौरान महापौर जीवर्धन चौहान और सभापति डिग्रीलाल साहू मौजूद रहे। मंदिर में 8 लाख 63 हजार रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे।
प्रस्तावित कार्यों में मंदिर परिसर में शेड निर्माण, चबूतरा निर्माण, दीवार एवं फर्श में टाइल्स लगाना, समुचित लाइट व्यवस्था तथा मंदिर के बाहर अतिरिक्त चबूतरा निर्माण शामिल है। क्षेत्रवासियों के अनुसार यह शिव मंदिर लगभग 300 वर्ष पुराना है और लंबे समय से श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। महापौर ने चुनाव के दौरान मंदिर विकास का जो वादा किया था, उसे अब पूरा किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान एमआईसी सदस्य अमित शर्मा ने कहा कि मंदिर के विकास से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र की सुंदरता में भी वृद्धि होगी। इस अवसर पर मुक्तिनाथ बबुआ, अन्नु सारथी, ज्योति यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।
