कापू थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े मारपीट कर 37,000 रुपये की लूट
रायगढ़ जिले के कापू थाना क्षेत्र में 19 मार्च को दिनदहाड़े लूट और मारपीट की घटना सामने आई है। पत्थलगांवखुर्द निवासी इतेन्द्र गुप्ता (35) के साथ मडवाताल पहाड़ के नीचे मंदिर के पास दो अज्ञात बाइक सवारों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने पहले गाड़ी का साइड मिरर तोड़ा और विवाद के बाद पीड़ित के साथ मारपीट की।
घटना के दौरान एक आरोपी ने पीड़ित को थप्पड़ मारकर गिरा दिया, जबकि दूसरे ने उसका मोबाइल तोड़ दिया। इसी दौरान पीड़ित का पैसों से भरा बैग नीचे गिर गया, जिसमें 37,000 रुपये नकद और कुछ सिक्के थे। आरोपियों ने बैग उठाकर उसमें रखे रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए। बाद में करीब 100 मीटर दूर बैग फेंक दिया गया, जिसमें नकदी नहीं मिली।
पीड़ित ने डायल 112 की मदद से पुलिस को सूचना दी और 20 मार्च को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(6) और 324(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
