न्यूज

तमनार के ग्राम उरबा में सड़क हादसा—ट्रैक्टर की टक्कर से महिला की मौत

रायगढ़ जिले के तमनार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम उरबा मेन रोड पर 13 मार्च 2026 को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक महिला की जान चली गई। जानकारी के अनुसार मृतिका घुरई कलंगा (50 वर्ष) अपने पति सालिक राम और पुत्र के साथ मोटरसाइकिल से ग्राम चिंगारी में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थीं। दोपहर करीब 12 बजे जैसे ही वे उरबा के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे एक लाल रंग के ट्रैक्टर ने लापरवाहीपूर्वक उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच और मृतिका के परिजनों के बयान के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि ट्रैक्टर चालक मनोहर नायक वाहन को तेज गति और असावधानीपूर्वक चला रहा था। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया था, जिसकी पहचान बाद में की गई।

मामले में तमनार पुलिस ने जांच पूरी करते हुए आरोपी ट्रैक्टर चालक मनोहर नायक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1) एवं मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा प्रकरण की विस्तृत विवेचना की जा रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button