न्यूज

रायगढ़ में 01 अप्रैल से राजस्व पखवाड़ा शुरू, गांव-गांव शिविर लगाकर लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण होगा

रायगढ़, 30 मार्च 2026। जिले में राजस्व संबंधी समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से 01 अप्रैल से राजस्व पखवाड़ा शुरू किया जाएगा। इस अभियान के तहत गांव-गांव में राजस्व शिविर आयोजित कर किसानों और ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जाएगा। पखवाड़ा तीन चरणों में आयोजित होगा, जिसमें पहला चरण 01 से 15 अप्रैल, दूसरा चरण 04 से 18 मई और तीसरा चरण 01 से 15 जून 2026 तक चलेगा।

कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शिविरों का आयोजन सुव्यवस्थित और परिणाममुखी होना चाहिए। उन्होंने लंबित राजस्व प्रकरणों के शत-प्रतिशत निराकरण पर जोर देते हुए अविवादित नामांतरण, खाता विभाजन, सीमांकन, नक्शा बटांकन और अन्य प्रकरणों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए। साथ ही फौती नामांतरण, बंटवारा और अभिलेख त्रुटि सुधार से जुड़े मामलों का पंजीयन, सुनवाई और निराकरण शिविर स्थल पर ही सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता, हाथी प्रभावित क्षेत्रों में हाईमास्ट लाइट, श्रमिक सुरक्षा, भूमि अधिग्रहण और मुआवजा प्रकरणों की स्थिति पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को जल जीवन मिशन, आयुष्मान कार्ड, सड़क निर्माण, जनगणना तैयारी और अन्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button