न्यूज

छत्तीसगढ़ के शासकीय महाविद्यालयों में 700 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू

छत्तीसगढ़, रायपुर। राज्य के शासकीय महाविद्यालयों में शिक्षण और सहायक सेवाओं को मजबूत बनाने के उद्देश्य से उच्च शिक्षा विभाग ने 700 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। इसमें सहायक प्राध्यापक के 625, ग्रंथपाल के 50 और क्रीड़ा अधिकारी के 25 पद शामिल हैं। विभाग ने आरक्षण रोस्टर और विषयवार रिक्तियों का विस्तृत ब्रेक-अप तैयार कर, आवश्यक शैक्षणिक योग्यता और परीक्षा पाठ्यक्रम सहित जानकारी छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग को भेज दी है।

भर्ती प्रक्रिया के तहत हिन्दी, अंग्रेजी, समाजशास्त्र, राजनीति शास्त्र, भौतिक शास्त्र, गणित, रसायन शास्त्र, वनस्पति शास्त्र एवं प्राणीशास्त्र के 50-50 पद, अर्थशास्त्र, इतिहास, भूगोल के 25-25 पद, कम्प्यूटर एप्लीकेशन के 15, वाणिज्य के 75 और विधि के 10 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इसके अलावा क्रीड़ा अधिकारी के 25 और ग्रंथपाल के 50 पदों के लिए भी आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे।

विभाग ने यह सुनिश्चित किया है कि शिक्षण कार्य प्रभावित न हो, इसलिए प्रत्येक रिक्त पद के विरुद्ध अतिथि प्राध्यापकों की नियुक्ति की व्यवस्था की गई है। अधिकांश अतिथि शिक्षक पीएच.डी. उपाधिधारी और नेट/सेट जैसी राष्ट्रीय पात्रता परीक्षाओं से योग्य हैं। ये शिक्षक विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षण प्रदान करते हुए राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के प्रावधानों के अनुरूप शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को प्रभावी बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button