रायगढ़ महिला थाना क्षेत्र में रेप पीड़िता को केस वापस लेने और जान से मारने की धमकी, दो आरोपियों पर अपराध दर्ज, गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी
रायगढ़, 30 मार्च 2026। महिला थाना क्षेत्र में एक युवती की शिकायत पर दुष्कर्म के आरोपी बादल सिंह राजपूत और उसके साथी अनमोल अग्रवाल के खिलाफ केस वापस लेने और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में दोनों आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 24/2026 धारा 351(3), 232(1) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। दोनों आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पीड़िता ने बताया कि उसने 03 फरवरी 2026 को बादल सिंह राजपूत के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें अक्टूबर 2022 से जनवरी 2026 तक शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण और आपत्तिजनक वीडियो बनाने का आरोप लगाया गया था। इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था, लेकिन वर्तमान में वह जमानत पर बाहर है। पीड़िता के अनुसार 18 मार्च 2026 को कोर्ट परिसर के बाहर अनमोल अग्रवाल ने उसे केस वापस लेने और पैसे लेने का दबाव बनाया तथा मना करने पर जान से मरवाने की धमकी दी।
पीड़िता ने आगे बताया कि 19 मार्च 2026 को मंदिर परिसर में बादल सिंह राजपूत ने भी उसे धमकाया और केस वापस नहीं लेने पर जान से मारने की बात कही। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी बादल सिंह राजपूत गुंडा-बदमाश सूची में शामिल है। महिला थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश तेज कर दी है और आरोपी की जमानत निरस्त कराने न्यायालय को प्रतिवेदन भेजा जा रहा है। एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि पीड़ितों और गवाहों को धमकाने वालों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
