न्यूज

रायपुर : छत्तीसगढ़ ने रचा इतिहास: चालू वित्तीय वर्ष में 6 लाख से अधिक ग्रामीण आवास पूर्ण

रायपुर, 30 मार्च 2026 — मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ ने ग्रामीण आवास निर्माण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए वित्तीय वर्ष 2025-26 में 6 लाख से अधिक आवास पूर्ण किए हैं, जो इस वर्ष देश में सर्वाधिक है। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना के प्रभावी समन्वय से प्रदेश ने आवास निर्माण में एक मजबूत और तेज क्रियान्वयन मॉडल प्रस्तुत किया है। सरकार के पहले कैबिनेट निर्णय में स्वीकृत 18 लाख आवासों के लक्ष्य के तहत सर्वे सूची के सभी पात्र हितग्राहियों को कवर किया गया है।

वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत 5.87 लाख, प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के अंतर्गत 13 हजार और मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 10 हजार से अधिक आवास पूर्ण किए गए हैं। यह उपलब्धि वर्ष 2016 में योजना शुरू होने के बाद किसी एक वित्तीय वर्ष में सर्वाधिक आवास पूर्ण होने का रिकॉर्ड है। तेज मॉनिटरिंग और पारदर्शी क्रियान्वयन के चलते प्रदेश ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है।

आवास निर्माण के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिली है, जहां “डीलर दीदी” मॉडल के तहत 9 हजार से अधिक महिला स्व-सहायता समूह सदस्य “लखपति दीदी” बनी हैं। 6 हजार से अधिक राजमिस्त्रियों को प्रशिक्षण दिया गया, जिनमें 1200 से अधिक “रानी मिस्त्री” शामिल हैं, वहीं आत्मसमर्पित नक्सलियों को भी आजीविका से जोड़ा गया है। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए टोल-फ्री नंबर 18002331290 और हर माह की 7 तारीख को “आवास दिवस” जैसे प्रयासों से शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जा रहा है, जिससे छत्तीसगढ़ का यह मॉडल समावेशी विकास, रोजगार सृजन और जवाबदेही का प्रभावी उदाहरण बनकर उभरा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button