न्यूज

अवैध शराब व नशे पर रायगढ़ पुलिस का ताबड़तोड़ प्रहार, तीन दिन में 11 गिरफ्तार, पिकअप वाहन समेत बड़ी जप्ती

रायगढ़, 5 फरवरी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में रायगढ़ पुलिस द्वारा जिलेभर में अवैध शराब, गांजा, जुआ-सट्टा और पीटा एक्ट के तहत लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बीते तीन दिनों के भीतर आबकारी एक्ट के तहत 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर कुल 65.9 लीटर देशी, अंग्रेजी व कच्ची महुआ शराब जप्त की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹16,680 बताई गई है। शराब परिवहन में प्रयुक्त एक पिकअप वाहन को भी जप्त कर राजसात की कार्रवाई हेतु जिलादंडाधिकारी को प्रतिवेदन भेजा गया है।

घरघोड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने ग्राम अमलीडीह में दबिश देकर आरोपी परमेश्वर राठिया को अवैध कच्ची महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से कुल 10 लीटर कच्ची महुआ शराब और बिक्री की रकम बरामद की गई। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

वहीं थाना कापू पुलिस ने ग्राम पखनाकोट सुकवासुपारा में गांजा बेचने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया। आरोपिया के कब्जे से 0.818 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत लगभग ₹13,000 आंकी गई है, तथा एक मोबाइल फोन जप्त किया गया। पूछताछ में घर से गांजा बिक्री करने की पुष्टि होने पर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

इसी दौरान कापू थाना क्षेत्र के ग्राम बंधनपुर में जुआ फड़ पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पांच जुआरियों को रंगे हाथ पकड़ा। मौके से ₹22,500 नगद और ताश की गड्डियां जप्त की गईं। रायगढ़ पुलिस की सख्ती से असामाजिक तत्वों में हड़कंप मचा है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में अवैध शराब, नशा और जुआ-सट्टा किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आम नागरिकों से ऐसी गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button