ऑपरेशन शंखनाद में रायगढ़ पुलिस की दोहरी कार्रवाई: जोबी से 10 व धरमजयगढ़ से 14 गौवंश मुक्त, तीन आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़, 15 फरवरी। पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में मवेशी तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 24 नग गौवंश को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया। जोबी क्षेत्र में 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर 10 नग गौवंश, एक पिकअप वाहन और मोटरसाइकिल जप्त की गई, वहीं धरमजयगढ़ क्षेत्र में 14 गौवंश को सुरक्षित बचाया गया।
जोबी पुलिस चौकी को 14 फरवरी की रात्रि सूचना मिली कि एक मोटरसाइकिल चालक पायलेटिंग करते हुए पिकअप वाहन में गौवंश को क्रूरतापूर्वक लादकर उड़ीसा की ओर ले जा रहा है। सूचना पर चौकी प्रभारी एएसआई लक्ष्मी नारायण राठौर के नेतृत्व में अटल चौक पर नाकेबंदी की गई। बिना नंबर की होंडा साइन मोटरसाइकिल और पिकअप वाहन क्रमांक JH 07 M 0203 को रोककर जांच करने पर 10 नग गौवंश रस्सियों से बांधे मिले। पुलिस ने पिकअप वाहन (कीमत 6 लाख रुपये), 10 गौवंश (कीमत 2.55 लाख रुपये) और मोटरसाइकिल (कीमत 1 लाख रुपये) सहित कुल 9 लाख 55 हजार रुपये की संपत्ति जप्त कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6, 10, 11 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में पवन राम (निवासी बधीमा जिला जशपुर), परमेश्वर यादव (निवासी सिंगीबहार थाना तपकरा जिला जशपुर) एवं भूपेंद्र यादव (निवासी सिंगीबहार थाना तपकरा जिला जशपुर) शामिल हैं। कार्रवाई में एएसआई लक्ष्मी राठौर तथा आरक्षक राजेंद्र राठिया, राजेश सिदार और अश्वनी सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
धरमजयगढ़ क्षेत्र के ग्राम कोन्ध्रा जंगल में भी जागरूक नागरिकों की सूचना पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की। ग्रामीणों ने बताया कि तीन अज्ञात तस्कर गौवंश को मारते-पीटते हुए ले जा रहे थे, लेकिन पूछताछ होते देख वे मौके से फरार हो गए। पुलिस ने 14 नग गौवंश को सुरक्षित जप्त कर पशु चिकित्सक से परीक्षण कराया तथा चारा-पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की। अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर उनकी तलाश जारी है। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि ऑपरेशन शंखनाद के तहत मवेशी तस्करी और पशु क्रूरता के मामलों में सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी तथा आम नागरिकों से ऐसी गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।
