न्यूज

आमजन की समस्याओं का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता – कलेक्टर

रायगढ़, 9 फरवरी 2026/ जिला कलेक्ट्रेट में आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने स्पष्ट कहा कि आम नागरिकों की शिकायतों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनदर्शन, पीजीएन एवं पीजी पोर्टल से जुड़े लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए उन्होंने 10 दिवस से अधिक समय से लंबित मामलों पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि कोई भी आवेदन औपचारिक कारणों से अटका न रहे और नागरिकों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, यह सुनिश्चित करना सभी विभागों की संयुक्त जिम्मेदारी है।

बैठक में आधार निर्माण एवं अद्यतन से संबंधित कार्यों को गति देने पर विशेष जोर दिया गया। 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों के आधार पंजीयन, बायोमेट्रिक अपडेट तथा 18 वर्ष से अधिक आयु के नवीन सत्यापन को शिविर लगाकर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। 100 वर्ष से अधिक आयु के आधार धारकों के डी-एक्टिवेशन सत्यापन को भी समय-सीमा में निपटाने की बात कही गई। कलेक्टर ने कहा कि तकनीकी अथवा स्थानीय स्तर की बाधाओं का तत्काल समाधान कर आम लोगों को सहज सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।

योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के हितग्राहियों की संख्या बढ़ाने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने को कहा गया। जल संचय योजना के पोर्टल में धीमी प्रविष्टि पर असंतोष व्यक्त करते हुए प्रगति तेज करने के निर्देश दिए गए। घरघोड़ा, तमनार, छाल, धरमजयगढ़ और कापू क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल एवं सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु अधिक से अधिक प्रस्ताव तैयार करने पर बल दिया गया। अवॉर्ड पारित प्रकरणों में अभिलेख दुरुस्ती की स्थिति की भी विस्तार से समीक्षा हुई।

स्वास्थ्य, खाद्य एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं पर भी व्यापक चर्चा की गई। आयुष्मान भारत व आयुष्मान वय वंदन योजना के शत-प्रतिशत कार्ड निर्माण, सिकल सेल जांच, टेलीमेडिसिन, लेप्रोसी परीक्षण और स्पर्श भारत अभियान की प्रगति पर निर्देश दिए गए। चावल उत्सव के लिए उचित मूल्य दुकानों में पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने तथा जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से आयोजन कराने को कहा गया। बैठक में प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना, सामूहिक विवाह कार्यक्रम, वजन त्यौहार और फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे, सहायक कलेक्टर अक्षय डोसी, नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय सहित सभी एसडीएम एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button