पुराना बस स्टैंड मटन मार्केट से पल्सर बाइक चोरी
रायगढ़ जिले के जूटमिल थाना क्षेत्र में पुराना सारंगढ़ बस स्टैंड स्थित मटन मार्केट परिसर से एक मोटरसाइकिल चोरी होने का मामला सामने आया है। प्रार्थी सहनु दास की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।
शिकायत के अनुसार, प्रार्थी 3 अप्रैल 2026 की रात्रि लगभग 8:30 बजे अपनी पल्सर 125 मोटरसाइकिल (क्रमांक CG-13-AN-1235) को मटन मार्केट के अहाते में खड़ी कर चिकन लेने गया था। इस दौरान वह परिचितों से बातचीत में व्यस्त हो गया और लगभग 9:30 बजे लौटने पर देखा कि उसकी मोटरसाइकिल मौके से गायब थी। आसपास तलाश एवं पूछताछ के बावजूद वाहन का कोई सुराग नहीं मिल सका।
प्रार्थी ने 4 अप्रैल को थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किया है। चोरी गई मोटरसाइकिल का मूल्य 25,000 रुपये बताया गया है। पुलिस द्वारा अज्ञात आरोपी की तलाश करते हुए मामले की जांच जारी है।
