न्यूज

शिवा नगर में देह व्यापार का भंडाफोड़, 2 आरोपी गिरफ्तार, पीटा एक्ट के तहत कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई

रायगढ़, 04 फरवरी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में रायगढ़ जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। जुआ-सट्टा, अवैध शराब के बाद अब देह व्यापार पर करारा प्रहार करते हुए कोतवाली पुलिस ने शिवा नगर क्षेत्र में बड़ी रेड कार्रवाई की है। यह कार्रवाई सीएसपी मयंक मिश्रा के नेतृत्व में मुखबिर सूचना के आधार पर योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दी गई।

पुलिस को सूचना मिली थी कि केवड़ाबाड़ी एसबीआई मेन ब्रांच के सामने स्थित एक मकान में बाहर से महिलाओं को बुलाकर देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए पीटा एक्ट की प्रक्रिया अनुसार एक पाइंटर को ग्राहक बनाकर भेजा गया। संकेत मिलते ही पुलिस टीम ने मकान की घेराबंदी कर दबिश दी, जहां मौके पर आरोपी राहूल कुमार यादव, उसकी महिला सहयोगी तथा अनैतिक कार्य के लिए लाई गई दो महिलाएं मिलीं।

तलाशी के दौरान देह व्यापार में प्रयुक्त आपत्तिजनक सामग्री, दो मोबाइल फोन एवं नकद 2000 रुपये बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने अवैध कारोबार संचालित करना स्वीकार किया। थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 40/2026 के तहत धारा 3, 4, 5 अनैतिक देह व्यापार (पीटा) अधिनियम के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि रायगढ़ जिले में देह व्यापार, जुआ-सट्टा, अवैध शराब जैसे किसी भी अनैतिक कारोबार को पनपने नहीं दिया जाएगा। पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत ऐसे तत्वों पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, एडिशनल एसपी (साइबर) अनिल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button