बोईरदादर में देह व्यापार का भंडाफोड़, पीटा एक्ट के तहत मकान मालिक गिरफ्तार
रायगढ़, 8 फरवरी। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में रायगढ़ शहर में अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत सप्ताह के भीतर पीटा एक्ट की तीसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के बोईरदादर में संचालित अवैध देह व्यापार का खुलासा किया गया। नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने सूचना के आधार पर सटीक रेड कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस को 07.02.2026 को सूचना मिली थी कि बोईरदादर निवासी नारायण वैष्णव अपने मकान में बाहर से महिलाओं को बुलाकर देह व्यापार संचालित करा रहा है। सूचना की तस्दीक के लिए पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से एक प्वाइंटर को ग्राहक बनाकर भेजा। संकेत मिलते ही चक्रधरनगर पुलिस, साइबर थाना एवं महिला थाना की टीम ने घेराबंदी कर मौके पर दबिश दी, जहां मकान मालिक और एक संदिग्ध महिला उपस्थित मिले।
पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों से यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी पैसों का लालच देकर महिलाओं को बुलाता था और स्वयं दलाली कर पूरे कारोबार का संचालन करता था। कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से 2,000 रुपये नगद, दो मोबाइल फोन तथा आपत्तिजनक सामग्री जप्त की गई। पुलिस ने थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 39/2026 के तहत पीटा एक्ट की धारा 3, 4, 5 व 7 में प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
इस प्रभावी कार्रवाई में प्रभारी थाना चक्रधरनगर उप निरीक्षक जी.एल. साहू, सहायक उप निरीक्षक आशिक रात्रे, आरक्षक चंद्र कुमार बंजारे, शांति मिरी, साइबर थाना से प्रधान आरक्षक राजेश पटेल, नवीन शुक्ला तथा महिला थाना से मालती पैंकरा, इंदुलता एक्का व एलीसा टोप्पो की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि रायगढ़ में देह व्यापार, नशा, जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों के लिए कोई स्थान नहीं है और इसमें लिप्त लोगों पर निरंतर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
