न्यूज

जशपुर के ग्राम ढोठीपहरी में सब्जी बनाने के विवाद पर गर्भवती पत्नी की हत्या, दो साल की बच्ची लेकर फरार आरोपी पति गिरफ्तार

जशपुर जिले के थाना नारायणपुर क्षेत्रांतर्गत ग्राम ढोठीपहरी, कुरूम ढोढा में एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां मामूली घरेलू विवाद ने हत्या का रूप ले लिया। प्रार्थी जेठू विश्वकर्मा निवासी बेलसुंगा ने पुलिस को सूचना दी कि उसकी बेटी कमला विश्वकर्मा, जो छह माह की गर्भवती थी, अपने पति स्वदेश उर्फ सुदेश राम कोरवा के साथ रह रही थी। 06 फरवरी 2026 की शाम लगभग 7:30 बजे सब्जी पकाने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिस पर आरोपी ने आवेश में आकर डंडे से सिर पर वार कर दिया, जिससे कमला की मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना के बाद आरोपी अपनी दो वर्षीय बच्ची को लेकर फरार हो गया।

सूचना मिलते ही नारायणपुर पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। फॉरेंसिक टीम से परीक्षण कराया गया तथा मृतिका के नवविवाहिता होने के कारण दंडाधिकारी की उपस्थिति में शव पंचनामा किया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण मारपीट से आई गंभीर चोटें बताया गया, जिसके आधार पर थाना नारायणपुर में अपराध क्रमांक 14/2026 धारा 103(3) बीएनएस के तहत हत्या का प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।

पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की पतासाजी की और उसे उसके गृह ग्राम ढोढ़ीबहार, चौकी दोकड़ा से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी स्वदेश उर्फ सुदेश राम कोरवा ने अपराध स्वीकार किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया तथा हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी बरामद कर जप्त किया गया।

इस संपूर्ण कार्यवाही में थाना नारायणपुर के सउनि उमेश प्रभाकर, प्र.आर. उमेश मिंज, प्र.आर. अजय कुजूर, आरक्षक कुलदीप खलखो, अशोक कंसारी, प्रदीप भगत, सैनिक बिरेन्द्र भगत एवं ओमप्रकाश यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। डीआईजी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ लाल उमेद सिंह ने बताया कि पत्नी की हत्या कर फरार आरोपी को पुलिस ने तत्परता से गिरफ्तार कर लिया है और प्रकरण में विधिसम्मत कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button