चांदमारी रोड में युवतियों से छेड़खानी मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई, एक आरोपी गिरफ्तार, ग्रैंड विटारा कार जप्त
रायगढ़, 12 फरवरी। 09 फरवरी की रात चांदमारी रोड पर कार सवार दो युवतियों के साथ छेड़खानी की घटना पर रायगढ़ पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई कार्रवाई के दौरान घटना में प्रयुक्त ग्रैंड विटारा कार क्रमांक CG13 AW 2410 को भी जप्त किया गया है। मामले में शामिल चार अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
पीड़ित युवतियों ने महिला थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 09 फरवरी की रात करीब 11 बजे वे दवाई लेने जा रही थीं और चांदमारी रोड पर आवारा कुत्तों को बिस्किट खिला रही थीं। इसी दौरान नीले रंग की ग्रैंड विटारा कार में सवार पांच युवकों ने अशोभनीय टिप्पणियां कीं और पीछा करते हुए रियापारा तिराहा के पास उनकी कार के सामने वाहन अड़ा दिया। एक युवक ने उतरकर अभद्र हरकत की और अपना नाम प्रदीप पटेल बताया, जबकि अन्य साथी भी अश्लील टिप्पणी करते रहे।
महिला थाना में अपराध क्रमांक 09/2026 धारा 78(2), 126(2), 79, 75(3), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर पुलिस टीम ने त्वरित छापेमारी की। जांच में वाहन नरेन्द्र महावर द्वारा चलाया जाना पाया गया, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपी ने प्रदीप पटेल, कमलेश यादव, राहुल गुप्ता और संगम त्रिपाठी के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। गिरफ्तार आरोपी नरेन्द्र महावर, पिता नथोली राम महावर, उम्र 21 वर्ष, निवासी चांवसारी भवानी स्कूल के पास, थाना सिटी कोतवाली को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
इस पूरी कार्रवाई को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया। महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक दीपिका निर्मलकर सहित पुलिस लाइन और कोतवाली के स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एसएसपी ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा छेड़खानी या महिला सम्मान से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
