न्यूज

रायगढ़ जिले में धान खरीदी तेज, 19,436 किसानों से 10 लाख क्विंटल से अधिक उपार्जन

रायगढ़, 16 दिसम्बर 2025/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की किसान हितैषी नीति के चलते रायगढ़ जिले में धान खरीदी अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में सभी धान उपार्जन केंद्रों में सुव्यवस्थित व पारदर्शी व्यवस्था की गई है। जिले में अब तक 19,578 किसानों से 10,91,317.20 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है, जिसके एवज में किसानों को 25,853.30 लाख रुपये का भुगतान किया गया है। उपार्जन केंद्रों की बेहतर व्यवस्थाओं से किसानों में उत्साह और संतोष का माहौल है।

कलेक्टर ने सभी नोडल अधिकारियों को धान उपार्जन केंद्रों का नियमित भौतिक सत्यापन, कोचियों व बिचौलियों पर कड़ी निगरानी और किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल एसडीएम को सूचना देने के निर्देश दिए हैं। जहां निर्धारित बफर स्टॉक से अधिक धान का संधारण हो गया है, वहां तत्काल धान उठाव के आदेश दिए गए हैं, ताकि खरीदी कार्य निर्बाध जारी रहे। साथ ही धान विक्रय कर चुके किसानों के रकबा समर्पण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

प्रशासन द्वारा अवैध धान परिवहन और भंडारण पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। अब तक 126 मामलों में 28,887.20 क्विंटल धान जब्त किया गया है। वहीं, किसानों की सुविधा के लिए 38,230 ऑनलाइन टोकन जारी किए जा चुके हैं। बुधवार के लिए जिले में 1,48,776.10 क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य तय किया गया है। उपार्जन केंद्रों में छाया, पेयजल, बैठने, तौल और त्वरित भुगतान जैसी सुविधाओं से किसान संतुष्ट नजर आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button