घटगांव में अफीम की खेती उजागर, गिरदावरी में धान दर्ज—क्या जिम्मेदार अधिकारियों पर होगी कार्रवाई?
लैलूंगा क्षेत्र के ग्राम नवीन घटगांव में अफीम की अवैध खेती का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार खसरा नंबर 412 रकबा 0.3970 हेक्टेयर में कमल पिता सुखसाय, साधराम पिता टेंगनी नागवंशी तथा खसरा नंबर 429/3 रकबा 0.1580 हेक्टेयर के कुछ हिस्से में अफीम की फसल उगाई जा रही थी। मामला उजागर होने के बाद राजस्व विभाग और स्थानीय प्रशासन में हलचल मच गई है।
हैरानी की बात यह है कि इन दोनों खसरा नंबरों में गिरदावरी रिकॉर्ड में खरीफ सीजन के तहत धान की फसल दर्ज की गई है। वहीं गांव के ही अभिमन्यु नागवंशी के घर से अफीम की सूखी फसल भी बरामद की गई, जिससे संकेत मिलता है कि क्षेत्र में यह अवैध गतिविधि कुछ समय से संचालित हो रही थी।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब मौके पर अफीम की फसल मौजूद थी, तब पटवारी द्वारा गिरदावरी में धान कैसे दर्ज किया गया। मामले को लेकर जांच की मांग तेज हो गई है और अब निगाहें इस पर टिकी हैं कि जिम्मेदार अधिकारियों पर क्या कार्रवाई होती है।
