न्यूज

ऑपरेशन शंखनाद: जशपुर पुलिस ने 12 गौवंशों को तस्करों से छुड़ाया, तीन आरोपी गिरफ्तार

जशपुर जिले में गौ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत बागबहार थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने जंगल के रास्ते उड़ीसा ले जाए जा रहे 12 नग गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया और मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। एक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

घटना 22 मार्च की है, जब बागबहार पुलिस टीम जांच के दौरान ग्राम खड़ामाचा-राजाअंबा जंगल क्षेत्र में पहुंची। मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर चार संदिग्धों को पकड़ने का प्रयास किया, जिसमें तीन आरोपी पकड़े गए जबकि एक जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। पूछताछ में आरोपियों ने गौवंशों को उड़ीसा ले जाना स्वीकार किया, लेकिन वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12 गौवंशों को सुरक्षित बरामद कर पशु चिकित्सक से उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया। मामले में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार फरार आरोपी की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा, वहीं गौ तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button