न्यूज

मॉडिफाई साइलेंसर व हैवी हार्न के खिलाफ रायगढ़ पुलिस का व्यापक अभियान, गैरेज संचालकों को सख्त निर्देश

रायगढ़, 10 फरवरी। जिले में ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले मॉडिफाई साइलेंसर एवं हैवी हार्न के विरुद्ध वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में व्यापक अभियान प्रारंभ किया गया है। एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन में सीएसपी मयंक मिश्रा और ट्रैफिक डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह द्वारा विशेष कार्ययोजना तैयार कर अभियान को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है। पहले ही दिन तीन दुपहिया वाहन मॉडिफाई साइलेंसर के साथ पकड़े गए, जिन पर चालानी कार्रवाई की गई।

अभियान को सफल बनाने सीएसपी मयंक मिश्रा ने स्थानीय गैरेज संचालकों की बैठक लेकर स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में मॉडिफाई साइलेंसर न लगाए जाएं। बैठक में छत्तीसगढ़ पुलिस के “सशक्त ऐप” की जानकारी देते हुए बताया गया कि इसके माध्यम से गैरेज में आने वाले वाहनों में चोरी के वाहनों की पहचान की जा सकती है। सभी संचालकों के मोबाइल में ऐप इंस्टॉल कर उपयोग की प्रक्रिया समझाई गई और सूचना देने वाले पुलिस मित्रों को सम्मानित करने की बात कही गई।

पुलिस अधिकारियों ने बोर्ड परीक्षाओं के दौरान मॉडिफाई साइलेंसर से विद्यार्थियों, बुजुर्गों और आम नागरिकों को होने वाली परेशानी पर गहरी चिंता व्यक्त की। चार पहिया वाहनों में मानक अनुसार नंबर प्लेट लगाने तथा नियम विरुद्ध बदलाव न करने की हिदायत दी गई। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से मॉडिफाई साइलेंसर की बिक्री पर भी पुलिस द्वारा निगरानी रखी जा रही है ताकि अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके।

आम नागरिकों से अपील की गई है कि मॉडिफाई साइलेंसर लगे वाहनों की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 9479193299 पर दें और संभव हो तो फोटो व्हाट्सएप के माध्यम से साझा करें। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कड़ा संदेश दिया है कि ऐसे उपकरण स्वयं हटवा लिए जाएं, अन्यथा चेकिंग में पकड़े जाने पर कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button