गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर शहीद परिवारों से पुलिस की आत्मीय भेंट, जिलेभर में सम्मानपूर्वक हुआ ध्वजारोहण
रायगढ़, 26 जनवरी। डीआईजी एवं एसएसपी रायगढ़ शशि मोहन सिंह के निर्देशन में गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर जिले में प्रतिवर्ष की परंपरा का निर्वहन करते हुए सभी थाना प्रभारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में निवासरत शहीद परिवारों से आत्मीय भेंट की गई। इस दौरान शहीदों के परिजनों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी गईं, मिष्ठान भेंट किया गया तथा उन्हें सम्मानपूर्वक मुख्य समारोह में आमंत्रित किया गया।
भेंट के अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने शहीद परिवारों से संवाद कर उनके अमूल्य योगदान को नमन किया और राष्ट्र सेवा में दिए गए सर्वोच्च बलिदान को स्मरण किया। यह क्षण भावनात्मक एवं गौरवपूर्ण रहा, जिसमें पुलिस और शहीद परिवारों के बीच संवेदनशील जुड़ाव स्पष्ट रूप से देखने को मिला।
वहीं गणतंत्र दिवस की सुबह जिले के रक्षित केंद्र सहित सभी थाना एवं चौकियों में गरिमामय ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। थाना एवं चौकी प्रभारियों द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराकर सशस्त्र सलामी दी गई। कई स्थानों पर पुलिसकर्मियों के बच्चों एवं स्कूली विद्यार्थियों की उपस्थिति ने आयोजन को और भी भावनात्मक बना दिया। राष्ट्रगान और देशभक्ति गीतों के साथ संपन्न इन कार्यक्रमों ने नागरिकों में राष्ट्रीय एकता, गौरव और देशभक्ति की भावना को और सुदृढ़ किया।
