न्यूज

लोकभवन सचिवालय में राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली लोकतंत्र और निष्पक्ष मतदान की शपथ

रायपुर, 25 जनवरी 2026। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर लोकभवन सचिवालय में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए मताधिकार की शपथ ली। इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना, उप सचिव सुश्री निधि साहू, संवैधानिक प्रकोष्ठ के उप सचिव डॉ. रूपेन्द्र कवि सहित लोकभवन के सभी अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शपथ ली कि वे भारत के नागरिक के रूप में लोकतंत्र में पूर्ण आस्था रखते हुए देश की लोकतांत्रिक परम्पराओं की मर्यादा बनाए रखेंगे। साथ ही स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखने के लिए सदैव सजग और जिम्मेदार रहेंगे।

शपथ में यह भी संकल्प लिया गया कि वे धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा किसी भी प्रकार के प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना निर्भीक होकर सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस आयोजन के माध्यम से लोकतंत्र की मजबूती और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button