न्यूज

लुण्ड्रा में टांगी से हमला कर हत्या — सरगुजा पुलिस ने आरोपी बुधसाय उर्फ जीबलाल को किया गिरफ्तार

सरगुजा जिले के लुण्ड्रा थाना क्षेत्र में आपसी विवाद के दौरान टांगी से हमला कर हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना 29 मार्च 2026 की दोपहर की है, जब प्रार्थी रामसाय दिवान अपने रिश्तेदारों के साथ करेसर की ओर जा रहा था। रास्ते में हैंडपम्प के पास मामूली बात पर विवाद बढ़ गया, जिस पर आरोपी बुधसाय उर्फ जीबलाल ने आवेश में आकर राकेश के पैर में टांगी से गंभीर चोट पहुंचा दी, जिससे वह जमीन पर गिर गया।

घायल राकेश को पहले धौरपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया गया। इलाज के दौरान राकेश की मौत हो गई। मामले में प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना लुण्ड्रा में अपराध क्रमांक 63/26 धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।

डीआईजी एवं एसएसपी के निर्देश पर लुण्ड्रा पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बुधसाय उर्फ जीबलाल घासी (उम्र 60 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त टांगी, फुलपैंट और जूते जब्त किए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, वहीं मामले में शामिल पुलिस टीम ने साक्ष्य संकलन कर आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी रखी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button