न्यूज

नगर निगम रायगढ़ की बड़ी कार्रवाई की तैयारी, बड़े बकायादार दुकानदारों पर शिकंजा; कबीर चौक की दुकान सील

रायगढ़। नगर निगम द्वारा राजस्व वसूली अभियान के तहत बड़े बकायादारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में कबीर चौक स्थित एक दुकान को निगम की राजस्व टीम ने सील कर दिया। दुकान संचालक छोटू बेग पर लगभग 87 हजार रुपये से अधिक का दुकान किराया बकाया था। निगम द्वारा कई बार नोटिस देने और बकाया राशि जमा करने के निर्देश दिए जाने के बावजूद राशि जमा नहीं की गई, जिसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर सीलिंग की कार्रवाई की।

नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि शहर में ऐसे अन्य बड़े बकायादार दुकानदारों और संपत्ति धारकों की भी सूची तैयार की जा रही है, जिन पर लंबे समय से कर और किराया बकाया है। निगम द्वारा इन सभी पर भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है और बकाया जमा नहीं करने वालों के खिलाफ सीलिंग सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

राजस्व वसूली को बढ़ाने के उद्देश्य से नगर निगम का राजस्व विभाग अब छुट्टी के दिन भी खुला रहेगा। नागरिक सप्ताह के सातों दिन कार्यालय समय में आकर संपत्ति कर, समेकित कर, जलकर, यूजर चार्ज और दुकान किराया सहित सभी प्रकार के कर जमा कर सकेंगे। महापौर जीववर्धन चौहान और नगर निगम कमिश्नर बृजेश सिंह क्षत्रिय ने नागरिकों और दुकानदारों से समय पर कर जमा करने की अपील करते हुए कहा कि इससे शहर के विकास कार्यों को गति मिलेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button