न्यूज

उरकुरा में बनेगा मल्टी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने 5 करोड़ देने की घोषणा

रायपुर, 15 मार्च 2026 — उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने बीरगांव नगर निगम में आयोजित कार्यक्रम में 55 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने 21 करोड़ 40 लाख रुपए के नए कार्यों की घोषणा भी की। कार्यक्रम में बीरगांव नगर निगम की व्हाट्सएप चैटबॉट सेवा का शुभारंभ किया गया, जिससे नागरिक अपनी समस्याएं दर्ज कराने के साथ ही आवश्यक सेवाओं की जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के लाभार्थियों को मुख्यमंत्री गृह प्रवेश योजना के तहत चेक सौंपे गए और पीएम स्वनिधि योजना के हितग्राहियों को भी सहायता प्रदान की गई। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में योगदान देने वाली स्वच्छता दीदियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक मोतीलाल साहू और महापौर नंदलाल देवांगन सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

अरुण साव ने कहा कि बीरगांव नगर निगम को 55 करोड़ रुपए की बड़ी सौगात मिली है, जिससे क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि बंजारी मंदिर चौक से बस स्टैंड होते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तक सड़क चौड़ीकरण के लिए 7 करोड़ 40 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। उरकुरा में मल्टी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के लिए 5 करोड़ रुपए, सड़क और नाली निर्माण के लिए 2-2 करोड़ रुपए तथा अन्य विकास कार्यों के लिए 5 करोड़ रुपए देने की भी घोषणा की गई।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button