न्यूज

मिलूपारा अंधे कत्ल का खुलासा, दोस्त ही निकला हत्यारा

रायगढ़, 18 मार्च। तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम मिलूपारा सिदारपारा में चौकीदार लखन उर्फ धरभईया चौधरी की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने अंधे कत्ल का खुलासा कर दिया है। 9 मार्च की रात हुई इस घटना की सूचना 10 मार्च की सुबह मिली थी, जब खेत की मेड़ पर शव बरामद हुआ। मृतक के शरीर पर गंभीर चोट के निशान पाए जाने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की और एफएसएल व डॉग स्क्वॉड की मदद ली।

जांच के दौरान मृतक का साथी अजहर अली खुद को प्रत्यक्षदर्शी बताकर लगातार अलग-अलग कहानियां गढ़ता रहा और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करता रहा। उसने 4-5 अज्ञात लोगों द्वारा वारदात को अंजाम देने की कहानी सुनाई, लेकिन आसपास के लोगों से पूछताछ में ऐसी किसी गतिविधि की पुष्टि नहीं हुई। पोस्टमार्टम में मृतक के मुंह में प्लास्टिक का टुकड़ा मिलने के बाद पुलिस ने वैज्ञानिक तरीके से जांच को आगे बढ़ाया, जिससे शक गहराया और पूछताछ में आरोपी टूट गया।

आरोपी अजहर अली ने स्वीकार किया कि खाना बनाने को लेकर विवाद में उसने लखन के साथ मारपीट कर टॉर्च से हमला किया और गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद साक्ष्य छिपाने के लिए टॉर्च को धोया, कपड़े जला दिए और झूठी कहानी रच दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई में तमनार थाना पुलिस टीम की अहम भूमिका रही, वहीं एसएसपी शशि मोहन सिंह ने पूरी टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button