न्यूज

जूटमिल थाना क्षेत्र सोनूमुड़ा देवारपारा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई—12 किलो 400 ग्राम गांजा जप्त, एक आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़, 07 फरवरी—एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में रायगढ़ जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जूटमिल थाना क्षेत्र के सोनूमुड़ा देवारपारा में गांजा तस्करी की सूचना पर पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित मादक पदार्थ बरामद किया। पुलिस को मुखबिर से जानकारी मिली थी कि आरोपी गोविंद भट्ट उर्फ बुटू ओडिशा से गांजा लाकर अपने घर में छुपाकर बिक्री कर रहा है, जिसके बाद तत्काल टीम गठित कर रेड की गई।

थाना प्रभारी प्रशांत राव आहेर के नेतृत्व में गठित टीम ने गवाहों की मौजूदगी में आरोपी के मकान की घेराबंदी कर तलाशी ली। कार्रवाई के दौरान एक पेटी से 7 किलो 300 ग्राम तथा एक डिब्बे से 5 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद किया गया। मौके से गांजा बिक्री की 3500 रुपये नगद राशि भी जप्त की गई। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह कुछ दिन पूर्व बिक्री के उद्देश्य से गांजा लेकर आया था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 12 किलो 400 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 50 हजार रुपये है, बरामद कर विधिवत जप्ती की। मामले में थाना जूटमिल में अपराध क्रमांक 41/2026 धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। इस संपूर्ण कार्रवाई में जूटमिल पुलिस एवं साइबर थाना की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि रायगढ़ में गांजा, अवैध शराब और जुआ-सट्टा जैसे अवैध कारोबार के लिए कोई जगह नहीं है। ऐसे तत्व या तो समाज की मुख्यधारा में लौट आएं, अन्यथा पुलिस की कठोर कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना निर्भय होकर दें, हर सूचना पर त्वरित और निर्णायक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button